रायपुर। छत्तीसगढ़ के विकास को एक नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सोमवार को रायपुर जिले के समोदा में 112 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं को बढ़ाने के संकल्प के साथ आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कुल 67 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जिनकी लागत 21 करोड़ 67 लाख रुपये है।
इसके साथ ही, क्षेत्र के भविष्य को संवारने वाले 90 करोड़ 34 लाख रुपये लागत के 29 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। विकास के इस उत्सव की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव करेंगे। वहीं, रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।
इस बड़े आयोजन में आरंग और समोदा क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदलने वाली है। लोकार्पण के तहत लोक निर्माण विभाग के 9 करोड़ 43 लाख रुपये के तीन प्रमुख काम, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 79 लाख रुपये के पांच कार्य, नगर पंचायत समोदा के 6 करोड़ 67 लाख रुपये के 20 कार्य और आरंग नगर पालिका में 4 करोड़ 78 लाख रुपये के 39 विकास कार्य अब सीधे जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। वहीं दूसरी तरफ, भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री साय लोक निर्माण विभाग के 61 करोड़ 11 लाख रुपये के 8 बड़े प्रोजेक्ट्स, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 2 करोड़ 54 लाख रुपये के 11 कार्यों और समोदा नगर पंचायत के 8 करोड़ 70 लाख रुपये के 9 कार्यों की नींव रखेंगे।
इस पूरे आयोजन की एक और सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण सौगात नवा रायपुर को मिलने जा रही है, जहाँ स्वास्थ्य सुविधाओं को अपग्रेड करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेक्टर-17, कोटरा भाठा में 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाले आधुनिक 100 बिस्तर अस्पताल का भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री के हाथों संपन्न होगा।
