कवर्धा। कबीरधाम (कवर्धा) जिले के पंडरिया-कुकदूर मार्ग पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। लघान (लोखान) गांव के पास एक अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार दो कारों के बीच आमने-सामने की इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि उसकी गूंज से पूरा इलाका दहल उठा। इस भीषण दुर्घटना में धरमपुरा निवासी 26 वर्षीय युवक रूपेश कुमार ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार महिलाओं सहित चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच का बताया जा रहा है, जब दोनों गाड़ियां (फ्रॉन्क्स और वैगनआर) अनियंत्रित गति से दौड़ रही थीं। चश्मदीदों के मुताबिक, रफ्तार इतनी तेज थी कि अंधे मोड़ पर दोनों ही चालक वाहनों पर संतुलन खो बैठे और गाड़ियां सीधे आपस में जा भिड़ीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कारों के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया और कुकदूर पुलिस की टीमें मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय राहगीरों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी लहूलुहान और गंभीर घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतक रूपेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात सामान्य कराया और मामला दर्ज कर हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
