अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से तंग आकर एक नवविवाहिता ने पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं मृतिका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच घटनास्थल पर ही मारपीट की नौबत आ गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 4 साल पहले मृतिका सीमा यादव का विवाह देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुआ था। विवाह के बाद से ही सीमा को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतिका के माता-पिता ने उसके पति, देवर, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार तंग किया जाता था। मृतिका के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जो उसके साथ हुई मारपीट की बेरहमी को बयां कर रहे हैं।
इस पूरे मामले में सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि लोक-लाज और सामाजिक डर के कारण मृतिका के पिता अपनी बेटी को हर बार ‘सब ठीक हो जाएगा’ कहकर चुप कराते रहे और दर्द सहन करने की नसीहत देते रहे। आखिरकार, इस सामाजिक दबाव और रोज-रोज के टॉर्चर से टूटकर सीमा ने गांव के ही एक विशाल पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
मृतिका के रिश्तेदार पारस यादव ने बताया कि, आशंका है कि जिस तरह से विवाद हुआ है, उनलोगों (ससुराल पक्ष) ने मार कर फांसी लटका दिए। बहुत दिन से प्रताड़ित कर रहे थे। उसकी सास उसके ऊपर गरम चाय फेंकती थी। उसका देवर भी मारपीट करता था। हमलोग को सुबह 11 बजे जानकारी मिली। हम चाहते है कि दोषियों को सजा हो।
