अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अम्बिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ चुल्हट नदी के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों को बेहद गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 की टीम तत्काल सहायता के लिए पहुँची। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को दुर्घटनास्थल से रेस्क्यू किया और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। फिलहाल लखनपुर थाना पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।
