अम्बिकापुर। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पहले ही दिन आज अम्बिकापुर शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सुबह-सुबह अपने नौनिहालों को स्कूल छोड़ने पहुंचे अभिभावकों की भारी भीड़ के कारण सड़कों पर ‘महाजाम’ की स्थिति बन गई। स्कूल खुलने के पहले दिन वाहनों के इस अत्यधिक दबाव के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात रेंगता नजर आया, जिससे स्कूली बच्चों सहित आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस अव्यवस्था का सबसे बुरा हाल होली क्रॉस स्कूल के सामने वाले मार्ग पर देखने को मिला, जहां देखते ही देखते लगभग 2 किलोमीटर लंबा वाहनों का काफिला लग गया। नए सत्र के उत्साह के बीच अचानक सड़कों पर बढ़ी गाड़ियों की तादाद को संभालने में ट्रैफिक व्यवस्था नाकाम साबित हुई। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के कारण अभिभावक और बच्चे बेहद परेशान नजर आए।
