रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अफवाहों पर शिक्षा विभाग ने पूरी तरह से विराम लगा दिया है। राज्य में स्कूल 1 जुलाई से नहीं, बल्कि अपने निर्धारित समय यानी 16 जून से ही खुलने जा रहे हैं। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के संचालक द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, प्रदेश के सभी शासकीय (सरकारी) और अशासकीय (निजी) स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विधिवत संचालन 16 जून से अनिवार्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर यह भ्रामक खबर तेजी से प्रसारित हो रही थी कि इस बार स्कूल 1 जुलाई 2026 से खुलेंगे। शिक्षा विभाग ने इस सूचना को पूरी तरह से असत्य, फर्जी और तथ्यों से परे बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों के संचालन की एकमात्र अधिकृत तिथि 16 जून ही है। इसी मद्देनजर लोक शिक्षण संचालनालय ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी किसी भी अपुष्ट और भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें। अभिभावक किसी असमंजस में न रहें और 16 जून से बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी पूरी रखें।
