कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां के यातायात थाने में पदस्थ एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) के बेटे पर अज्ञात बदमाशों ने बोलेरो गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। यहीं नहीं, जब दोस्तों ने हमलावरों का पीछा किया, तो बदमाशों ने उनमें से एक युवक का अपहरण कर उसे अधमरा होने तक पीटा। पीड़ित युवक ने अस्पताल में दिए बयान में आरोप लगाया है कि बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और उससे एक लाख रुपये नकद, सोने की चेन व अंगूठी भी लूट ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 3:00 बजे के बीच की है। सिविल लाइन क्षेत्र का निवासी चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू अपने तीन दोस्तों शुभम सिंह बघेल, साहिल निर्मलकर और अरविंद राठौर के साथ सिटी कोतवाली थाना के अधीन मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास रोड पर खड़ा था। वे सभी अपनी काले रंग की कार के पास खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां सफेद रंग की एक बोलेरो आकर रुकी। सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद बोलेरो सवार युवकों ने अपनी गाड़ी ठीक चंद्रमणि की कार के सामने अड़ा दी और साइड देने की बात को लेकर बेवजह विवाद करने लगे।
विवाद इतना बढ़ गया कि बोलेरो सवार बदमाशों ने सीधे चंद्रमणि रात्रे के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और उसे कुचलने का प्रयास करते हुए मौके से तेजी से भाग निकले। इस जानलेवा हमले के बाद वहां मौजूद साहिल निर्मलकर और अरविंद राठौर ने हिम्मत दिखाई और अपनी कार से बोलेरो का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी भागते हुए बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बल्गी तक जा पहुंचे, जहां उनके कुछ अन्य साथी पहले से ही एक अन्य कार (CG 12 BG 8076) में घात लगाए बैठे थे।
सड़क पर बदमाशों की घेराबंदी देखकर साहिल निर्मलकर तो किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन आरोपियों ने अरविंद राठौर को जबरन अपनी कार में खींच लिया। बदमाश अरविंद को अगवा कर किसी सुनसान जगह ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और लूटपाट के बाद उसे गंभीर हालत में छोड़ दिया गया। घटना के शुरुआती स्वरूप और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस का मानना है कि हमलावर किसी खास साजिश के तहत आए थे और उनके निशाने पर कोई न कोई जरूर था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से बोलेरो और कार सवार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
