जबलपुर। शहर के रांझी थाना इलाके के न्यू शोभापुर में एक बेहद सनसनीखेज और दुखद वारदात सामने आई है, जहां भाजपा नेत्री संगीता रजक की अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से दुर्घटनावश गोली चलने के कारण मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त घर के बाहर अचानक तेज विवाद और शोर-शराबा हो रहा था।
आवाज सुनकर संगीता रजक अपने पति बंटी रजक के साथ सुरक्षा के लिए अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर निकली थीं। इसी दौरान अचानक हुई हड़बड़ाहट में पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उनके पेट में जा लगी। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस पूरी घटना के पीछे एक पुराना खौफ भी बड़ी वजह माना जा रहा है। दरअसल, कुछ दिनों पहले ही संगीता रजक के घर पर अज्ञात बदमाशों द्वारा बमबाजी की गई थी। ऐसे में जब दोबारा घर के बाहर शोर सुनाई दिया, तो वह सुरक्षा और आत्मरक्षा के लिहाज से पिस्टल लेकर बाहर आई थीं, लेकिन बदकिस्मती से यह हादसा हो गया।
भाजपा नेत्री की इस अचानक मौत से स्थानीय राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
