बालोद। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार का एक सिलसिला आधी रात को रेलवे ट्रैक पर बेहद दर्दनाक अंत के साथ थमा। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत दैहान गांव में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद प्यार में अंधे हुए एक शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने अपनी जान देने की कोशिश की। इस खौफनाक कदम के चलते ट्रेन की चपेट में आने से प्रेमी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश कर रही प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक-युवती पहले से शादीशुदा थे, लेकिन कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए। धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी मोहब्बत में बदल गई। अपने वैवाहिक जीवन के इतर इस रिश्ते को कोई मुकम्मल रास्ता न मिलता देख, दोनों ने एक साथ मौत को गले लगाने का आत्मघाती फैसला कर लिया। तय रणनीति के तहत दोनों आधी रात को दैहान गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। वहां प्रेमी खुदकुशी करने के इरादे से पटरी पर जाकर खड़ा हो गया।
हालांकि, ऐन वक्त पर प्रेमिका का हौसला डगमगाया और वह अपने प्रेमी को ट्रैक से हटाकर उसकी जान बचाने का लगातार प्रयास करने लगी। दोनों के बीच चल रही इसी जद्दोजहद के दौरान अचानक वहां से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रेमी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं प्रेमिका गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
