रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ महज खाना खाने के बाद पत्तल फेंकने जैसे मामूली विवाद ने एक अधेड़ की जान ले ली। उरबा गांव में हुई इस सनसनीखेज हत्या की वारदात को सुलझाते हुए तमनार पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई से महज 24 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल के मामले में ग्राम कोटवार, उसके बेटे और एक नाबालिग सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उरबा गांव में खाना खाने के बाद पत्तल फेंकने की बात को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच अचानक विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने तैश में आकर अधेड़ पर लाठी-डंडे और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तमनार पुलिस को तुरंत इसकी सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तमनार पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तफ्तीश शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ही घेराबंदी कर ग्राम कोटवार, उसके पुत्र और वारदात में शामिल एक अन्य नाबालिग को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार लाठी, डंडे और चाकू को बरामद कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। तमनार पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।
