बलरामपुर। जिले के फूलीडूमर चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप युवक को करीब 10 से 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में तारकेश्वरपुर निवासी युवक श्यामलाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाला पिकअप वाहन सब्जियों से लोड था, जो वाड्रफनगर से बनारस की ओर जा रहा था। तभी फूलीडूमर चौक के पास वह अनियंत्रित हो गया और उसने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साथ ही, दुर्घटनाकारी पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
