बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह के दौरान एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक गतिरोध सामने आया है। कार्यक्रम में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जिला प्रशासन की लचर व्यवस्था और प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर बेहद खफा नजर आए। उन्होंने बेमेतरा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के व्यवहार और कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए मंच से ही अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत सत्कार से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के मुताबिक मुख्यमंत्री की आवभगत नहीं की गई और उनका स्वागत पीछे से किया गया, जो कि निर्धारित नियमों के विपरीत था। इस अव्यवस्था को देखकर डॉ. रमन सिंह का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जिला प्रशासन की गंभीरता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे स्वयं 15 वर्षों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में बेमेतरा जैसी घटिया और गैर-जिम्मेदाराना व्यवस्था कभी नहीं देखी।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस बात पर कड़ा ऐतराज जताया कि मंच पर साक्षात मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल बैठा हुआ था, इसके बावजूद जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों में रत्ती भर भी गंभीरता नजर नहीं आई। सामूहिक विवाह जैसे गरिमामय और बड़े आयोजन में कलेक्टर और एसपी की इस प्रशासनिक लापरवाही ने अब एक नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में अधिकारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
