रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 3 जून से छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL 2026) के तीसरे सीजन का रोमांच शुरू होने जा रहा है। आयोजन समिति ने इस बार टूर्नामेंट को दर्शकों के लिए पूरी तरह से नि:शुल्क रखने का फैसला किया है, जिससे स्टेडियम में फैंस का हुजूम उमड़ने की उम्मीद है। इस बार खिताबी जंग के लिए राज्य की छह प्रमुख टीमें रायपुर राइनोज, बिलासपुर बुल्स, राजनांदगांव पैंथर्स, सरगुजा टाइगर्स, बस्तर बाइसन और रायगढ़ लायंस मैदान में उतरेंगी। लीग स्टेज के मुकाबले 3 से 10 जून तक चलेंगे, जिसके बाद 12 जून को सेमीफाइनल और 14 जून को ग्रैंड फिनाले खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 3 जून को रात 9 बजे रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। इस महामुकाबले से ठीक पहले शाम 7:30 बजे एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय अपनी विशेष प्रस्तुति से समां बांधेंगी। जो खेल प्रेमी स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सीसीपीएल-3 के सभी मैचों का सीधा प्रसारण सोनी टेन-3 (Sony Ten-3) चैनल पर किया जाएगा। इसके साथ ही, स्थानीय दर्शकों के जुड़ाव को दोगुना करने के लिए यूट्यूब चैनल पर छत्तीसगढ़ी भाषा में भी कमेंट्री उपलब्ध रहेगी।
इस साल दर्शकों को न सिर्फ मुफ्त में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा, बल्कि उनके पास कई आकर्षक पुरस्कार जीतने का भी मौका होगा। उद्घाटन और फाइनल मैच के दिन दर्शकों के लिए लकी ड्रॉ का पहला इनाम चमचमाती टू-व्हीलर गाड़ी होगी, जबकि अन्य विजेताओं को 14 हजार से लेकर 40 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं, 4 से 12 जून तक चलने वाले लीग मैचों के दौरान हर दिन 10-10 हजार रुपये के 10 नकद पुरस्कार बांटे जाएंगे। इसके अलावा स्टैंड्स में बैठे दर्शकों के लिए “कैच पकड़ो, कैश जीतो” प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी, जहां मैच के दौरान लाइव कैच लपकने वाले दर्शक को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। लकी ड्रॉ की प्रक्रिया हर दिन मैच के इनिंग ब्रेक में होगी और विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर फ्लैश किए जाएंगे।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए हालांकि टिकट बिल्कुल मुफ्त हैं, लेकिन दर्शकों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। मैच के दिन दर्शक अपने ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम काउंटर से फिजिकल टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इस टिकट के पीछे एक लकी ड्रॉ कूपन होगा, जिसका काउंटर पार्ट दर्शकों को इनाम के दावे के लिए संभालकर रखना होगा। दर्शकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने स्टेडियम के आसपास के प्रमुख क्षेत्रों से मुफ्त शटल बस सेवा की भी व्यवस्था की है, ताकि यातायात की कोई समस्या न हो।
