रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर ‘ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले’ का जिन्न बाहर आ गया है। भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट ने सूबे के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। इस पूरे मामले पर मुखर होते हुए भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस आलाकमान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव (टीएस बाबा) के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा उनके साथ छलावा किया है।
मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा, “टीएस बाबा का भाग्य ही खराब है, क्योंकि कांग्रेस उन्हें कभी किसी बड़े और शीर्ष पद पर देखना ही नहीं चाहती।” उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में सत्ता संगठन के स्तर पर कांग्रेस ने ‘ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले’ को कभी गंभीरता से लिया ही नहीं। मिश्रा के मुताबिक, सिंहदेव जैसे कद्दावर नेता को सिर्फ एक राजनीतिक ‘लॉलीपॉप’ थमाकर शांत रखा गया, जो उनके कद और निष्ठा के साथ सरासर अन्याय है।
बयान के आखिर में भाजपा विधायक ने एक दिलचस्प सियासी दांव चलते हुए कहा कि भगवान टीएस बाबा का साथ दे कि अब वह कम से कम कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बन सकें। बहरहाल, चुनाव बीत जाने के बाद भी भाजपा द्वारा इस मुद्दे को दोबारा हवा देना यह साफ करता है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के अंदरूनी अंतर्विरोधों पर सियासत और गरमाने वाली है।
