इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ‘आशिक चोर’ को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने ही मालिक की दुकान में हाथ साफ कर दिया। संयोगितागंज थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस नकबजनी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को दबोच लिया है और उसके पास से चोरी की शत-प्रतिशत नकदी भी बरामद कर ली है।
मामले की शुरुआत 24 मई को हुई, जब मुराई मोहल्ला निवासी फरियादी अमन अग्रवाल ने संयोगितागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दुकान से देर रात करीब 1 लाख 71 हजार रुपये नगद चोरी हो गए हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई और एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के करीब 100 सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और कड़ियों को जोड़ने के बाद पुलिस के शक की सुई दुकान के ही एक पुराने कर्मचारी कीर्तन सिरसाट पर जा टिकी।
पुलिस ने जब संदेही कीर्तन को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पूरी रकम बरामद कर ली गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले भी इसी दुकान पर काम कर चुका था, इसलिए उसे भली-भांति पता था कि मालिक दिनभर की नकदी कहां रखते हैं। अपनी गर्लफ्रेंड की खर्चीली फरमाइशों और उसे महंगे उपहार देने के लिए उसे मोटी रकम की दरकार थी, जिसे पूरा करने के लिए उसने इस चोरी की साजिश रची।
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि शातिर आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के अगले ही दिन बेहद सामान्य तरीके से दुकान पर काम करने पहुंच गया। यही नहीं, पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में भी वह खुद को बेगुनाह बताकर लगातार गुमराह करने की कोशिश करता रहा। लेकिन इंदौर पुलिस की मुस्तैदी, सीसीटीवी फुटेज और क्रॉस-क्वेश्चनिंग के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई और वह सलाखों के पीछे पहुंच गया।
