बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर बेलसरी के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार सवारी बस ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल सवार 42 वर्षीय बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक प्रदेश के एडिशनल एसपी संजय महादेवा के सगे चाचा थे। घटना इतनी भयावह थी कि टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और युवक ने बीच सड़क पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लीदरी निवासी बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा अपने किसी निजी काम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर तखतपुर की ओर आ रहे थे। वे जैसे ही बेलसरी मुख्य मार्ग के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित और तेज रफ्तार सवारी बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना जबरदस्त था कि पीड़ित को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को इसकी सूचना दी, लेकिन गंभीर चोटों के कारण एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही युवक की सांसें थम चुकी थीं।
हादसे की खबर मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर बाधित हुए यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। इसके बाद शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटनाकारी बस को जब्त कर लिया है और हादसे के असल कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। इस अचानक हुई असमय मौत से एडिशनल एसपी के परिवार सहित पूरे लीदरी गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
