जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है, जहां कुनकुरी थाना परिसर में स्थित एक टावर पर चढ़कर एक महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हृदय विदारक बात यह रही कि यह पूरी घटना वहां मौजूद भारी भीड़ और पुलिस अधिकारियों के सामने हुई। मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही यह महिला कल ही अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी का शासकीय पहचान पत्र बनवाने के सिलसिले में कुनकुरी आई थी, जिसके बाद से वह अचानक अपनी मां और बेटी को छोड़कर गायब हो गई थी।
परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब महिला का कुछ पता नहीं चला, तो आज सुबह अचानक उसे कुनकुरी थाना परिसर के भीतर बने टावर पर चढ़ा हुआ देखा गया। महिला को टावर पर देख परिसर में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने महिला को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाइश दी और उसे शांत करने का प्रयास किया।
हालांकि, तमाम कोशिशों और अधिकारियों की समझाइश के बीच ही, मानसिक अवसाद से जूझ रही महिला ने भीड़ के सामने ही टावर के ऊपर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस अप्रत्याशित कदम से थाना परिसर में सनसनी फैल गई है। फिलहाल कुनकुरी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है कि आखिर महिला इस आत्मघाती कदम तक कैसे पहुंची।
