कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कांकेर और नारायणपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए गए एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और खतरनाक आईईडी (IED) बम बरामद किए हैं। दो अलग-अलग संवेदनशील स्थानों पर की गई इस कार्रवाई से नक्सलियों के बड़े मंसूबों पर पानी फिर गया है।
सुरक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह सफलता कोयलीबेड़ा और ग्राम गुमचूर के घने जंगल व पहाड़ी इलाकों में चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान मिली। इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी और हथियारों के डंप होने की खुफिया सूचना पर जवानों ने घेराबंदी की थी। गहन सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों का छुपाया हुआ जखीरा मिला, जिसमें 303 राइफल के 42 राउंड, 7.62 एसएलआर के 75 राउंड और 5.56 राइफल के 21 राउंड जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा जवानों ने मौके से 7.62 एमएम एसएलआर की दो मैगजीन फिलर भी बरामद की हैं।
हथियारों के साथ-साथ जवानों को मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी हाथ लगी है, जो किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। बरामद सामानों में एक स्टील कंटेनर, 06 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, एक पावर कंट्रोलर और लगभग 2 किलोग्राम वजनी एक टिफिन आईईडी बम शामिल है। सुरक्षाबलों ने आईईडी को समय रहते बरामद कर एक बड़े हादसे को टाल दिया है। इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षाबलों ने संबंधित इलाकों में अपनी गश्त और सर्चिंग ऑपरेशन को और तेज कर दिया है।
