रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने सत्ताधारी दल के विधायक को ही अपनी ठगी का शिकार बना लिया। रायपुर शहर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से एक अज्ञात ठग ने वीआईपी (VIP) नेता का नाम लेकर हजारों रुपये ऐंठ लिए। यह घटना उस समय हुई जब विधायक एक प्रशिक्षण शिविर में व्यस्त थे। राहत की बात यह है कि संदेह होने पर विधायक ने तुरंत तत्परता दिखाई और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
घटना के संबंध में खुद विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि जब वे प्रशिक्षण शिविर में शामिल थे, तब उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। उन्होंने जब कॉलर आईडी और नाम चेक किया, तो स्क्रीन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पीए (निजी सहायक) का नाम और फोटो प्रदर्शित हो रही थी। फोन करने वाले व्यक्ति ने बेहद परेशान आवाज में विधायक को कहा कि वह इस वक्त ओडिशा के संबलपुर में किसी मुसीबत में फंस गया है और उसे तुरंत पैसों की जरूरत है।
ठग ने विधायक से साढ़े चार हजार रुपये की मांग की थी, लेकिन संकट में फंसे कार्यकर्ता की मदद करने के लिहाज से विधायक मिश्रा ने उदारता दिखाते हुए तत्काल 10 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, पैसे भेजने के कुछ ही देर बाद जब विधायक को बातचीत के लहजे और पूरी स्थिति पर संदेह हुआ, तो उन्होंने हकीकत का पता लगाया। सच सामने आते ही उनके होश उड़ गए कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस से अपील की है कि इस शातिर ठग को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
