बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आ रही है, जहां वाड्रफ़नगर नगर पंचायत के रिहायशी क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने दस्तक दे दी है। नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 2 में रहने वाले किशोरी कुशवाहा के घर के ठीक नजदीक स्थित बाड़ी में अचानक हाथी को देखकर स्थानीय लोग बुरी तरह भयभीत हो गए। नगरीय क्षेत्र की घनी आबादी के बीच इस तरह विशालकाय हाथी के पहुंच जाने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित वार्ड वासी भारी डर के साए में हैं और रात-रात भर जागकर वक्त बिताने को मजबूर हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वन परिक्षेत्र वाड्रफनगर का यह पूरा मामला प्रशासनिक स्तर पर भी चिंता का विषय बना हुआ है, वहीं वन कर्मी स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दे रहे हैं।
