सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनगरा बाजार के समीप उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। इस दुर्घटना के दौरान कार के भीतर एक मासूम बच्चा मौजूद था, जो वक्त रहते चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बाहर निकल आया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चिकनी धरमपुर निवासी रामजीवन की बोलेरो गाड़ी का चालक बच्चे को वाहन के भीतर ही बैठाकर और एसी (एयर कंडीशनर) चालू छोड़कर किसी काम से बाजार गया हुआ था। इसी बीच खड़ी गाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग भड़क उठी। गनीमत रही कि आग की लपटें पूरी तरह फैलने से पहले ही बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी है और भटगांव थाना पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है कि आखिर चालू एसी गाड़ी में आग किन कारणों से लगी।
