अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर जनपद क्षेत्र में मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। बुधवार को तेज आंधी-तूफान के बीच हुई भीषण गर्जना और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 14 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बछिया गंभीर रूप से झुलस गई है। घटना उदयपुर जनपद कार्यालय के पीछे स्थित मोहल्ले की है, जहाँ मवेशी आंधी से बचने का प्रयास कर रहे थे।
प्राकृतिक आपदा की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, घायल बछिया की जान बचाने के लिए पशु चिकित्सकों का दल लगातार उपचार में जुटा हुआ है। इस आकस्मिक घटना से स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों में शोक की लहर है, क्योंकि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों की हानि से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
