सूरजपुर। जिले के सोनगरा-खड़गंवा मार्ग पर स्थित सुखदेवपुर के पास एक पुलिया धराशायी हो गई, जिससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा एसईसीएल (SECL) भटगांव क्षेत्र की महान-3 कोयला खदान से निकलने वाले भारी वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण हुआ है। लंबे समय से जर्जर हालत में रही इस पुलिया की मरम्मत को लेकर विभागीय अधिकारियों और एसईसीएल प्रबंधन के उदासीन रवैये ने अंततः एक बड़े संकट को जन्म दे दिया है।
पुल टूटने से न केवल ग्रामीणों का संपर्क कट गया है, बल्कि महान-3 खदान से होने वाला कोयला परिवहन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस मार्ग के अवरुद्ध होने के कारण अब कोयला लोड ट्रकों को प्रतापपुर मार्ग से होकर अम्बिकापुर की ओर भेजा जा सकता है। वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों का बोझ बढ़ने से अब अम्बिकापुर-प्रतापपुर रोड पर दुर्घटनाओं की आशंका गहरा गई है, साथ ही अम्बिकापुर शहर के भीतर भी भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित होने का खतरा मंडरा रहा है।
