कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला ब्लॉक स्थित आईटीआई में धोखाधड़ी कर नौकरी पाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे प्रशिक्षण अधिकारी का पद हासिल कर लिया। आरोपी अनिकेत कर्ष ने न केवल शासन को गुमराह किया, बल्कि पिछले 9 महीनों के दौरान वेतन के रूप में 5 लाख रुपये से अधिक की राशि भी प्राप्त कर ली।
इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा संयुक्त संचालनालय आईटीआई बिलासपुर की जांच में हुआ, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान कूटरचित और फर्जी प्रमाणपत्रों का सहारा लिया था, जिससे विभाग को उसकी असलियत का पता नहीं चल सका। निरंतर मिल रही शिकायतों और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान जब बिलासपुर संयुक्त संचालनालय ने गहराई से जांच की, तब आरोपी की जालसाजी की परतें खुलीं।
जांच में स्पष्ट हुआ कि अनिकेत कर्ष ने पद की पात्रता न होने के बावजूद गलत तरीके से सरकारी खजाने से लाभ उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने करतला पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
