सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहाँ एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के करसी गांव, बडकापारा का है।
आरोपी नान्हु पैकरा अपनी पत्नी कुंती के चरित्र पर लंबे समय से संदेह करता था, जिसके चलते आए दिन दोनों के बीच विवाद होता रहता था। इसी शंका के वशीभूत होकर नान्हु ने अपनी पत्नी की गर्दन पर गड़ासे (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतिका की माँ की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
