रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत छाल रेंज से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। तरेकेला गांव के पास केराझरिया दलदल (511 RF) में फंसने के कारण एक हाथी शावक की मौत हो गई है। यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि महज दो दिन पहले ही सिंगीझाप के एक डैम में डूबने से एक अन्य शावक की जान जा चुकी है। क्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की मॉनिटरिंग पर अब गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
वर्तमान में घटनास्थल के आसपास 35 हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा है, जिससे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। मौके पर हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम पहुंच चुकी है, लेकिन लगातार होती इन मौतों ने विभाग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी मॉनिटरिंग की जाती, तो दलदल और डैम जैसे खतरों से इन शावकों को बचाया जा सकता था।
