सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव में ग्रामीणों ने चोरी के संदेह में दो युवकों को न केवल पकड़ा, बल्कि खुद ही सजा सुनाते हुए उन्हें जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। मानवता को शर्मसार करने वाला यह मामला तब और गंभीर हो जाता है जब पता चलता है कि पिछले महीने भी इसी तरह की एक घटना में एक युवक का सिर मुंडवाकर उसे अपमानित किया गया था।
ताजा मामला छिंदिया गांव के निवासी नोहरसाय के खेत का है। बताया जा रहा है कि दो युवक वहां लगे सबमर्सिबल पंप की चोरी करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने कानून को ताक पर रखते हुए दोनों युवकों के गले में जूतों और चप्पलों की माला डाल दी। इतना ही नहीं, चोरी के भारी सामान को उनके हाथों और पीठ पर लादकर पूरे गांव में उनका जुलूस निकाला गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों को थाने लाया गया है और नियमानुसार उनका मुलाहिजा (मेडिकल परीक्षण) कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी के मामले में कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि युवकों के साथ मारपीट की पुष्टि होती है, तो संबंधित ग्रामीणों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पिछले महीने हुई ऐसी ही घटना में कार्रवाई के बावजूद, दोबारा इस तरह का कृत्य होना क्षेत्र में पुलिस के इकबाल और कानून के प्रति डर पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
