दुर्ग। जिले के भिलाई में आवारा मवेशी एक बार फिर काल बनकर सामने आए हैं। अंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डौकीडीह रोड पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, उतई निवासी 42 वर्षीय रेखा बाई साहू अपने बहनोई के साथ गुंडरदेही से वापस लौट रही थीं, तभी टायर फैक्ट्री के पास अचानक एक मवेशी उनकी बाइक के सामने आ गया। रफ्तार और अचानक आए अवरोध के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और मोटरसाइकिल मवेशी से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे रेखा बाई को गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन 108 एम्बुलेंस को सूचित किया। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
अंडा थाना प्रभारी पारस राम ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों पर बेसहारा मवेशियों की बढ़ती संख्या आए दिन हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
