बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। जिले के खैरीडीह के पास देर रात एक बेकाबू कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे।
पिंकपार गांव के रहने वाले ये तीनों दोस्त तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर देवड़ी से दौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सिर पर आई गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही पिंकपार गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया और एक साथ तीन अर्थियां उठने के मंजर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले वाहन को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
