रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर जिले के जल प्रबंधन और अधोसंरचना विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। बस्तर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कुम्हली एनीकट की सुरक्षा और मजबूती के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा 3 करोड़ 71 लाख 89 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। इस बजट का मुख्य उद्देश्य एनीकट के दाएं तट पर तटरक्षण (रिवर बैंक प्रोटेक्शन) कार्य को अमलीजामा पहनाना है, ताकि मानसून या जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तटों के कटाव को रोका जा सके।
शासन के इस महत्वपूर्ण निर्णय से न केवल एनीकट की उम्र बढ़ेगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई और जल संचयन की व्यवस्था भी अधिक सुरक्षित हो जाएगी। जल संसाधन विभाग ने इस परियोजना के लिए जगदलपुर स्थित गोदावरी कछार के मुख्य अभियंता को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिससे अब जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
