धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा में बुधवार की रात खून से सन गई, जहाँ मामूली पैसों के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। नगर पंचायत भखारा के महावीर चौक पर बाइक सवार तीन युवकों ने अन्नू निर्मलकर नामक बुजुर्ग की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना महज 24 हजार रुपये के उस विवाद से उपजी थी, जो मृतक के नाती और उसके दोस्तों के बीच बाइक दुर्घटना को लेकर शुरू हुआ था।
विवाद की जड़ें कुछ समय पहले हुई एक दुर्घटना से जुड़ी हैं, जब अन्नू निर्मलकर के नाती साहिल ने अपने दोस्त चिक्कू दीवान की बाइक मांगकर चलाई और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मरम्मत के लिए 24 हजार रुपये का खर्च आया, जिसमें से साहिल ने 5 हजार रुपये तो चुका दिए थे, लेकिन बाकी रकम के लिए दोस्त ही दुश्मन बन बैठे। बुधवार की शाम जब बुजुर्ग अन्नू निर्मलकर चौक पर खड़े थे, तभी बाइक पर सवार होकर शिवम साहू, राहुल कंवर और चिक्कू दीवान वहां पहुंचे। पैसों की मांग को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक हो गई और आरोप है कि शिवम साहू ने अचानक धारदार चाकू निकालकर बुजुर्ग के गले पर वार कर दिया।
लहूलुहान हालत में अन्नू निर्मलकर को पहले भखारा अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि रात करीब 10:15 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सन्नाटा और आक्रोश पसरा हुआ है, क्योंकि मृतक स्थानीय पार्षद छबिलाल निर्मलकर के चाचा थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक आरोपी चिक्कू दीवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवम साहू और उसका साथी राहुल अब भी फरार हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे के मुताबिक, पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी है और जल्द ही बाकी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया जाएगा।
