अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिसका ताजा प्रमाण थाना रोड पर स्थित ‘राजा पतंजलि स्टोर्स’ में देखने को मिला। यहाँ एक अज्ञात नकाबपोश बदमाश ने दिनदहाड़े उठाईगिरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 1 लाख 70 हजार रुपये पार कर दिए। दुकान संचालक रजत गुप्ता पिता संकट मोचन गुप्ता, जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी रकम लेकर रफूचक्कर हो चुका था।
व्यस्त इलाके में हुई इस चोरी की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और दिन भर स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर एक संदिग्ध युवक नजर आया है, जिसने पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरा ढका हुआ था।
फिलहाल बतौली पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त करने और उसकी तलाश में जुट गई है, लेकिन सरेराह हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
