अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है. पुराने बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल दुकान के सामने खड़ी बाइक को अज्ञात चोर पलक झपकते ही पार कर ले गए. पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम तेलाइधार निवासी 35 वर्षीय फनाउल्लाह खान उर्फ भोला (पिता सेजाम खान) मंगलवार को किसी काम से सीतापुर के पुराने बस स्टैंड स्थित ‘द्विवेदी मोबाइल’ आए थे. हड़बड़ी या असावधानीवश वे अपनी बाइक (क्रमांक CG13-W-4801) में चाबी लगी ही छोड़कर दुकान के भीतर चले गए. करीब दस मिनट बाद जब वे बाहर निकले, तो उनके होश उड़ गए; मौके से बाइक नदारद थी.
बाइक गायब देख पीड़ित ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. इसके बाद मोबाइल दुकान में लगे CCTV फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति बाइक को ले जाते हुए साफ नजर आया. पीड़ित की शिकायत पर सीतापुर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
