रायपुर. देशभर में संचालित सर्वेश्वरी समूह के प्रमुख पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे. जहां पहुंचने के बाद सीएम विष्णु देव साय ने उनका स्वागत अभिनंदन किया. इस दौरान औघड़ गुरुपद से श्री साय ने प्रदेश की खुशहाली और उन्नति के लिए आशीर्वाद भी लिया. इस दौरान सीएम विष्णु देव साय ने प्रदेश के विभिन्न गतिविधियों सामाजिक और जनहित में चल रही योजनाओं के बारे में औपचारिक जानकारी गुरुपद को दी. औघड़ गुरुपद के साथ जशपुर जिले सोगडा स्थित आश्रम के व्यवस्थापक मानस जी भी साथ थे.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि “रायपुर स्थित निवास पर आज श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी का स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
पूज्य बाबा जी के मार्गदर्शन में श्री सर्वेश्वरी समूह कुष्ठ रोगियों की सेवा, शिक्षा और समाज कल्याण के विविध आयामों के माध्यम से जनसेवा की एक प्रेरक मिसाल स्थापित कर रहा है।
ऐसी निस्वार्थ सेवा और समर्पण हमें समाज के प्रति और अधिक संवेदनशील बनकर अपने दायित्वों को निष्ठा के साथ निभाने की प्रेरणा देता है।”

