रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम नवापारा (प.ह.न. 18) में शासकीय भूमि पर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. खसरा क्रमांक 311/1 की सरकारी जमीन पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के फ्लाई ऐश डाले जाने से न केवल कानून की धज्जियां उड़ रही हैं, बल्कि क्षेत्र में प्रदूषण का खतरा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है. इस गंभीर मुद्दे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है.
वार्ड पार्षद भोलू उरांव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने 2 अप्रैल की शाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. ज्ञापन में साफ तौर पर आरोप लगाया गया है कि शासकीय भूमि पर शारड़ा एनर्जी कंपनी द्वारा बिना अनुमति के फ्लाई ऐश डंपिंग की जा रही है, जो पर्यावरण नियमों और प्रचलित कानूनों का खुला उल्लंघन है. इससे क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है और आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई गई है.
मामले को और गंभीर बनाते हुए शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस अवैध गतिविधि में ट्रांसपोर्टरों, उद्योग प्रबंधन के साथ-साथ कुछ स्थानीय राजस्व कर्मचारियों और पंचायत से जुड़े लोगों की मिलीभगत हो सकती है. आरोप है कि गलत जानकारी देकर उच्च अधिकारियों को गुमराह किया जा रहा है, जिससे यह अवैध डंपिंग लगातार जारी है.
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध डंपिंग को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, शासकीय भूमि से फ्लाई ऐश हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए और दोषियों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्र के पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है. ऐसे में मजबूर होकर जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा.
