धमतरी. भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को राहत देने के लिए लगाए गए वाटर एटीएम और पानी घर अब खुद ही व्यवस्था की लापरवाही का प्रतीक बन गए हैं. शहर के प्रमुख स्थानों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई ये सुविधाएं आज आधे से ज्यादा स्थानों पर बंद पड़ी हैं, जिससे आम नागरिकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नया बस स्टैंड, जिला अस्पताल और विंध्यवासिनी मंदिर जैसे व्यस्त इलाकों में लगे वाटर एटीएम ठप होने से लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. वहीं आमातालाब रोड, खेल मैदान और इतवारी बाजार में बनाए गए पानी घरों की स्थिति भी चिंताजनक है. कहीं ताले लटके हैं तो कहीं पानी बेहद धीमी गति से निकल रहा है. नतीजतन, लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई ये सुविधाएं अब सिर्फ दिखावे तक सीमित होकर रह गई हैं.
स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए नगर निगम से तत्काल सुधार की मांग की है. उनका कहना है कि जब गर्मी में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उसी समय इन व्यवस्थाओं का ठप हो जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. मामले पर नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने भरोसा दिलाया है कि बंद पड़े वाटर एटीएम और पानी घरों को जल्द ही दुरुस्त कर चालू कराया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
