रायपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और आने वाले 2 से 3 दिन प्रदेशवासियों के लिए सतर्क रहने वाले साबित हो सकते हैं. सक्रिय मौसमी सिस्टम के असर से राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
दक्षिण छत्तीसगढ़ खासतौर पर बस्तर संभाग में मौसम ज्यादा उग्र नजर आ सकता है. बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव और दंतेवाड़ा जिलों के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ ओले गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश होने का अनुमान है.
इसके अलावा सूरजपुर, कोरिया, पेंड्रा, कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, बालोद, राजनांदगांव और बेमेतरा जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. यहां तेज आंधी, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे सतर्क रहने की जरूरत है.
पिछले 24 घंटों के दौरान भी मौसम का असर देखने को मिला है. बस्तर क्षेत्र के तोकापाल, भनपुरी और जगदलपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई. तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा.
मौसम में आए इस बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है. साथ ही किसानों को फसलों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
