नई दिल्ली. नए महीने की शुरुआत के साथ ही आम कारोबारियों पर महंगाई की एक और मार पड़ी है. 1 अप्रैल 2026 से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बड़ी बढ़ोतरी की गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसाय प्रभावित होंगे. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक तेल कीमतों में उछाल के बीच यह फैसला लिया गया है.
ताजा संशोधन के बाद दिल्ली में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2078.50 रुपये पहुंच गई है, जो पहले 1883 रुपये थी. यानी राजधानी में करीब 195.50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अन्य महानगरों में भी इसी तरह कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है.
मुंबई में सिलेंडर अब 2031 रुपये का हो गया है, जो पहले 1835 रुपये था, यहां 196 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. कोलकाता में कीमत बढ़कर 2208 रुपये पहुंच गई है, जो पहले 1990 रुपये थी, यानी 218 रुपये की वृद्धि. वहीं चेन्नई में भी कॉमर्शियल सिलेंडर 2043.50 रुपये से बढ़कर 2246.50 रुपये हो गया है, जो 203 रुपये की बढ़ोतरी को दर्शाता है.
महानगरों में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की नई कीमत

हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में इसकी कीमत अभी भी 913 रुपये प्रति सिलेंडर बनी हुई है.
गौरतलब है कि इससे पहले 1 मार्च को भी कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बार 7 मार्च को 60 रुपये का इजाफा हुआ था.
जानकारी के अनुसार इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझान और डॉलर-रुपया विनिमय दर के आधार पर एलपीजी और एटीएफ की कीमतों की समीक्षा करती हैं. इस बार की बढ़ोतरी ने साफ कर दिया है कि फिलहाल महंगाई से राहत मिलना आसान नहीं दिख रहा.
