नई दिल्ली. देशभर में एलपीजी की किल्लत और बढ़ती कीमतों के बीच अब एक नया खतरा तेजी से सिर उठा रहा है, फर्जी LPG बुकिंग स्कैम. अंतरराष्ट्रीय तनाव, खासकर इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव का असर भारत में गैस सप्लाई पर भी देखने को मिल रहा है. इसी हालात का फायदा उठाकर साइबर ठग अब आम लोगों को निशाना बना रहे हैं.
इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर के मुताबिक, स्कैमर्स एलपीजी की कमी को लेकर फैले डर और जल्दबाजी का फायदा उठा रहे हैं. वे फर्जी बुकिंग लिंक भेजकर लोगों की निजी जानकारी और बैंक डिटेल्स चुराने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे सीधे आर्थिक नुकसान का खतरा बढ़ गया है.
यह ठगी बेहद शातिर तरीके से अंजाम दी जा रही है. लोगों को SMS, WhatsApp और सोशल मीडिया के जरिए “तुरंत गैस बुकिंग” के नाम पर लिंक भेजे जा रहे हैं. ये लिंक देखने में बिल्कुल असली वेबसाइट जैसे लगते हैं, लेकिन जैसे ही कोई यूजर इन्हें क्लिक करता है, वह ठगों के जाल में फंस जाता है. कई मामलों में यूजर्स से OTP, बैंक डिटेल्स या QR कोड स्कैन करने के लिए कहा जाता है, जिससे उनके खाते से पैसे गायब हो सकते हैं. इतना ही नहीं, कुछ लिंक मोबाइल में खतरनाक ऐप डाउनलोड कराने की भी कोशिश करते हैं.
साइबर एजेंसियों ने साफ चेतावनी दी है कि कोई भी अधिकृत LPG कंपनी इस तरह के लिंक या मैसेज के जरिए आपकी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती. ऐसे में अगर आपको “तुरंत बुकिंग”, “सीमित ऑफर” या “गैस खत्म होने वाली है” जैसे मैसेज मिलते हैं, तो तुरंत सतर्क हो जाएं.
सुरक्षा के लिए जरूरी है कि हमेशा केवल आधिकारिक ऐप या प्रमाणित वेबसाइट के जरिए ही गैस सिलेंडर बुक करें. अनजान नंबरों से आए लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी संदिग्ध मैसेज को पहले अच्छी तरह जांच लें. आपकी एक छोटी सी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है.
