नई दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले दो दिनों तक मौसम के और बिगड़ने की आशंका जताई गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और नोएडा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। IMD ने अनुमान जताया है कि 30 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। IMD ने राज्य के करीब 38 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 मार्च तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।
बिहार में भी मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के 8 जिलों किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं और गरज-चमक के कारण सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर साफ देखा जा रहा है। उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और चमोली में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी कई इलाकों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने 30 मार्च तक स्थिति ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है, जबकि कुछ इलाकों में 31 मार्च को भी बारिश जारी रह सकती है।
झारखंड में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। खासकर बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
