रायगढ़। शहर में बकाया कर वसूली को लेकर ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने पर उर्दना स्थित रामाधीन पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया, जिससे अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है।
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष वसूली अभियान के तहत उन करदाताओं पर फोकस किया जा रहा है, जिन्होंने लंबे समय से या बड़ी राशि का टैक्स जमा नहीं किया है। इसी क्रम में जांच के दौरान रामाधीन पेट्रोल पंप पर वर्ष 2022-23 से अब तक कुल 4 लाख 35 हजार 574 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया पाया गया।
निगम प्रशासन ने संबंधित संचालक को कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लगातार अनदेखी की गई। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि प्रॉपर्टी टैक्स शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत है और इसकी अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम प्रशासन ने सभी करदाताओं से समय पर संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर, यूजर चार्ज और दुकान किराया जमा करने की अपील की है, ताकि सीलिंग, कुर्की जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। साथ ही, राजस्व विभाग अवकाश के दिनों में भी खुला रहेगा, जिससे नागरिक कार्यालय समय में पहुंचकर अपने बकाया कर का भुगतान कर सकें।
