रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज हजारों भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए बड़ी राहत और खुशी का दिन है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में करीब 500 करोड़ रुपए की राशि अंतरित करेंगे। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को 10 हजार रुपये की वार्षिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।
राज्य सरकार ने इस वर्ष लगभग 4 लाख 95 हजार से अधिक भूमिहीन मजदूरों के लिए 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री बलौदाबाजार से इस राशि का ट्रांसफर करेंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के भूमिहीन कृषि श्रमिकों को सशक्त बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है।
योजना के तहत सबसे ज्यादा लाभार्थी रायपुर जिले से हैं, जहां 53 हजार 338 भूमिहीन मजदूर शामिल हैं, जबकि बीजापुर जिले में सबसे कम 1542 हितग्राही हैं। सरकार का कहना है कि यह पहल ‘अंत्योदय’ की भावना को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का मजबूत प्रयास है।
