कांकेर। जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते एक तीन साल के मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीव्ही 44 वन श्रीनगर में रहने वाले गोपेश हालदार का तीन साल दो माह का बेटा गौरव घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कब घर के पीछे स्थित तालाब तक पहुंच गया, इसका किसी को अंदाजा तक नहीं हुआ। घर के लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे, इसी बीच मासूम पानी में गिरकर डूब गया।
कुछ देर बाद जब बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तालाब में बच्चे का शव दिखाई दिया, जिसे तुरंत बाहर निकालकर पखांजूर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
