रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 25 मार्च को देशभर के आदिवासी खिलाड़ियों के जोश और हुनर का गवाह बनने जा रही है. ‘खेलो इंडिया नेशनल ट्रायबल गेम्स’ का भव्य शुभारंभ खेल संचालनालय परिसर मैदान में किया जाएगा, जहां तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. आयोजन स्थल को आकर्षक मंच, रोशनी और पारंपरिक सजावट से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे माहौल में उत्सव जैसा रंग घुलने लगा है.
उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी. पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और लोक कलाकारों की प्रस्तुति कार्यक्रम में चार चांद लगाएगी. देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचने वाली टीमें मार्चपास्ट में हिस्सा लेंगी, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शहर के प्रमुख खेल परिसरों में किया जाएगा. अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सेंट्रल लाइब्रेरी के पास स्थित अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल और कोटा स्टेडियम में विभिन्न मुकाबले होंगे. वहीं तीरंदाजी के लिए उद्घाटन स्थल पर ही विशेष मैदान तैयार किया गया है, जहां इंडियन आर्चरी, रिकर्व और कम्पाउंड वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.
