जांजगीर-चांपा। थाना पामगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली-गलौज करने लगा। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
विवाद के दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज कश्यप के पैर की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी का हवलदार है। मामले में हत्या के प्रयास का अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ उसके सहयोगी भाई को भी हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन पुलिस सतर्कता बरत रही है।
