जगदलपुर. बस्तर की संवेदनशील झीरम घाटी में बने शहीद स्मारक के साथ तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला और पूर्व विधायक रेखचंद जैन के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्मारक स्थल का निरीक्षण किया, जहां शहीद नेताओं की तस्वीरों को क्षतिग्रस्त पाया गया.
निरीक्षण के दौरान महेंद्र कर्मा और नंदकुमार पटेल की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ और तोड़फोड़ देख कांग्रेस नेताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला. नेताओं ने इसे शहीदों का अपमान बताते हुए कहा कि इस तरह की हरकत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है.
घटना के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दरभा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा.
