जांजगीर-चांपा. सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नेशनल हाईवे किनारे किए गए अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई की. कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर शनिवार को जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण एजेंसी की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाया.
यह कार्रवाई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए फैसलों के अनुरूप की गई. टीम ने सुकली चौक, मुनंद चौक, खोखरा अंबेडकर चौक और पिसौद चौक जैसे व्यस्त स्थानों को चिन्हित कर वहां से अवैध कब्जों को हटाया. इन जगहों पर अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित हो रही थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ था.
जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया. इस दौरान तहसीलदार आर.के. मरावी और राष्ट्रीय राजमार्ग के सब इंजीनियर विजय साहू समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे.
प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे. हर महीने आयोजित होने वाली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाते हैं. साथ ही पुलिस और परिवहन विभाग को मोटरयान अधिनियम के तहत नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनहानि को कम किया जा सके. प्रशासन को उम्मीद है कि इस सतत अभियान से जिले में सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी आएगी.
