अम्बिकापुर. छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित “सरगुजा ओलंपिक 2026” के उद्घाटन समारोह में पहुंचीं अंतरराष्ट्रीय रेसलर गीता फोगाट ने अपने प्रेरक संबोधन से खिलाड़ियों में जोश भर दिया. उन्होंने मंच से मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें यहां बुलाया जाना उनके लिए सम्मान की बात है.
गीता फोगाट ने खास तौर पर प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में शामिल हो रही महिला खिलाड़ियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि लड़कियों की भागीदारी देखकर उनकी खुशी दोगुनी हो गई है और यह बदलते भारत की तस्वीर है, जहां बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने सरगुजा जैसे क्षेत्र में इतने बड़े खेल आयोजन को बेहद सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे मंच खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर देते हैं.
अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह भी हरियाणा के एक छोटे से गांव से आती हैं और इसी तरह छोटे स्तर से शुरुआत कर आज इस मुकाम तक पहुंची हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि कड़ी मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी ओलंपिक में देश के लिए मेडल जीतकर नाम रोशन करेंगे.
गीता फोगाट ने खिलाड़ियों को हार से निराश न होने की सीख देते हुए कहा कि हार को कमजोरी समझने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि अगर नशा करना है तो खेल का नशा करें, देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का जुनून रखें. उनके संबोधन ने पूरे मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में नया उत्साह भर दिया.
