जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बाइकिंग के शौकीनों के लिए 4 अप्रैल का दिन खास बनने जा रहा है, जब पहली बार ‘बस्तर राइडर्स मीट 2026’ का आयोजन किया जाएगा. ‘गरुड़ा द राइडर्स क्लब’ की पहल पर होने वाले इस मेगा इवेंट में देश के अलग-अलग राज्यों से प्रोफेशनल बाइकर्स और राइडिंग के दीवाने जुटेंगे. यह आयोजन न सिर्फ बाइकिंग के जुनून को मंच देगा, बल्कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक खानपान और वेशभूषा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
आयोजन को खास बनाने के लिए समिति ने प्रशासन और विभिन्न विभागों के साथ मिलकर ‘बस्तर दर्शन’ कार्यक्रम तैयार किया है. इसके तहत बाहर से आने वाले राइडर्स को बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य और प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी. साथ ही कार्यक्रम में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, सुरक्षित राइडिंग के फायदे और अनुभवी बाइकर्स के अनुभव साझा करने जैसे पहलू भी शामिल होंगे, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिल सके.
इस राइडर्स मीट में बाइक शो और प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण रहेगा, जहां विभिन्न ब्रांड की शानदार बाइकों का प्रदर्शन किया जाएगा. इसके अलावा राइडिंग शो में स्टंट्स का रोमांच, सर्वश्रेष्ठ मॉडिफाइड, विंटेज और सुपरबाइक के लिए पुरस्कार, ‘बस्तर टैलेंट शोकेस’ में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति और सांस्कृतिक फूड फेस्टिवल में पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को लुभाएगा.
आयोजकों के अनुसार यह इवेंट बाइक प्रेमियों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और बस्तरवासियों के लिए भी एक उत्सव जैसा होगा, जहां रफ्तार का जुनून और बस्तर की सांस्कृतिक विरासत एक साथ नजर आएगी. कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
