बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और आसपास के क्षेत्र में शक्ति आराधना का माहौल तैयार हो चुका है. 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि को लेकर मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं इस बार पर्व के साथ हिंदू नववर्ष का स्वागत भी भव्य अंदाज में करने की योजना बनाई गई है. शहर को भगवामय बनाने के लिए सजावट, लाइटिंग और व्यवस्थाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है.
रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में इस बार करीब 25 हजार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. इनमें से 24 हजार से अधिक श्रद्धालु पहले ही रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और रोशनी की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा चुका है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग मार्ग भी बनाए गए हैं.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: ट्रैक्टर की टक्कर से पलटी स्कूली वैन, तीन बार लुढ़की; 10 बच्चे और शिक्षिका घायल
रायपुर-रीवा हवाई सेवा पर बढ़ा सहयोग, सीएम साय से उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की सौजन्य मुलाकात
भीड़ को देखते हुए इस बार 20 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. नवरात्रि के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मंदिर परिसर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, बिजली और फायर ब्रिगेड की टीम तैनात रहेगी, वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे.
निशुल्क भंडारे के संचालन के लिए प्रशासन ने 30 गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को भोजन व्यवस्था में किसी तरह की परेशानी न हो. सप्तमी के दिन पूरी रात मंदिर के पट खुले रहेंगे और पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 20 बसों की विशेष व्यवस्था की गई है, जो उन्हें सुरक्षित वापस पहुंचाएंगी.
इसे भी पढ़ें –
मैनपाट में आसमान से गिरी आफत, 20 मिनट की ओलावृष्टि ने ओढ़ाई सफेद चादर, फसलें तबाह; तीन दिन का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बादल, बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
इसी के साथ हिंदू नववर्ष के स्वागत में 19 मार्च को शाम 4 बजे पुलिस मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए तिलक नगर स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ समापन होगा.
आयोजन समिति के अनुसार इस बार शोभायात्रा “महाकुंभ” जैसी भव्य होगी. 150 से अधिक वालंटियर वॉकी-टॉकी के साथ तैनात रहेंगे और 20 से ज्यादा पंडित श्रद्धालुओं को तिलक लगाएंगे. शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के साथ खाटू श्याम की आकर्षक झांकी मुख्य आकर्षण होगी, जिसे सजाने के लिए कोलकाता से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं.
आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों में भगवा ध्वज लगाकर, रंगोली बनाकर और दीप प्रज्वलित कर नववर्ष का स्वागत करें, ताकि पूरा शहर एक साथ उत्सव के रंग में रंगा नजर आए.
